लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में निर्वाचन आयोग ने पटना के होटल लेमन ट्री में राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने सुझाव दिए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार एवं निर्वाचन आयुक्त अरुण गोयल तीन दिवसीय दौरे पर 19 फरवरी से पटना में हैं।
दूसरे दिन (20 फरवरी) मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक में भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल (यूनाइटेड), कांग्रेस, सीपीआई (एम), सीपीआई (एमएल), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी, आम आदमी पार्टी एवं बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए।

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने बिहार के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, क्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षक, डीएम एवं एसपी के साथ भी बैठक की।
21 फरवरी को बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, स्टेट पुलिस नोडल पदाधिकारी एवं राज्य की विभिन्न एनफोर्समेंट एजेंसी के साथ समीक्षा बैठक होगी। चुनाव आयोग ने 19 फरवरी को झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं स्टेट पुलिस नोडल पदाधिकारी के साथ समीक्षा बैठक की।