चुनाव आयोग ने बिहार की एनफोर्समेंट एजेंसियों को ऑनलाइन कैश ट्रांसफर पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। लोकसभा चुनाव में ऑनलाइन वॉलेट के जरिये अवैध कैश ट्रांसफर की पूरी संभावना है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त अरुण गोयल ने बिहार दौरे के अंतिम दिन 20 एनफोर्समेंट एजेंसियों के साथ बैठक की।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्त तीन दिवसीय दौरे पर 19 फरवरी से पटना में हैं।
आयोग ने एजेंसियों को एयरपोर्ट, सीमावर्ती राज्य एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी निगरानी का निर्देश दिया है। इन जगहों से शराब, कैश एवं ड्रग्स की आवाजाही हो सकती है। बैकों को चिन्हित वाहनों से निर्धारित समय में ही कैश ट्रांसफर करने के लिए कहा गया है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बिहार के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों से कहा है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी और सहभागितापूर्ण चुनाव कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी इसके प्रति सजग एवं तत्पर रहें। चुनाव में पक्षपात करने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करें।