मुख्य समाचार

जीका वायरस को लेकर केंद्र ने राज्यों को जारी की एडवाइजरी 

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने महाराष्ट्र में जीका वायरस के आठ केस को देखते हुए राज्यों को एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में जीका वायरस की स्थिति पर सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया गया है। दो जुलाई तक महाराष्ट्र के पुणे में 6, कोल्हापुर और संगमनेर में 1-1 केस दर्ज किए गए हैं। 

जीका भी डेंगू और चिकनगुनिया की तरह एडीज मच्छर से फैलने वाली वायरल बीमारी है। यह एक गैर-घातक बीमारी है, लेकिन जीका संक्रमित गर्भवती महिला के भ्रूण में माइक्रोसेफली और न्यूरोलॉजिकल प्रभाव आ जाता है। 

माइक्रोसेफली में नवजात शिशु के सिर का आकार छोटा हो जाता है। यह एक चिंता का विषय है। इसलिए राज्यों को सलाह दी गई है कि वे चिकित्सकों को कड़ी निगरानी के लिए सचेत करें।चिकित्सक गर्भवती महिलाओं में जीका वायरस की अवश्य जांच करें। संक्रमण की स्थिति में भू्रण के विकास की निगरानी और केंद्र के निर्देशों का पालन करें।

वर्ष 2016 में गुजरात में जीका का पहला केस मिला था। उसके बाद तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, राजस्थान, केरल, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और कर्नाटक राज्यों में भी जीका के मामले दर्ज किए गए। 
 


संबंधित खबरें