बिहार में जमीन सर्वे का काम पूरा करने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत 9888 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में सांकेतिक रूप से 20 एवं राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने 5 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। बाकी अभ्यर्थियों को जिलों में प्रभारी मंत्रियों ने नियोजन पत्र दिया।
चयनित 9888 अभ्यर्थियों में 353 विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, 758 विशेष सर्वेक्षण कानूनगो, 742 विशेष सर्वेक्षण लिपिक एवं 8035 विशेष सर्वेक्षण अमीन शामिल हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी इच्छा है कि जमीन संबंधित विवाद समाप्त हो। इसके लिए बिहार में जमीन सर्वेक्षण का काम शुरू किया गया है। सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों से उम्मीद है कि मन लगाकर सर्वेक्षण का काम जुलाई 2025 तक पूरा करें। हर जगह जमीन की लड़ाई होती है। किसकी जमीन है। यह तय नहीं है। इस कारण विवाद बढ़ता है।
कार्यक्रम को राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल और विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।