बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने देश के पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। तारकिशोर प्रसाद ने अरुण जेटली को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की अद्भुत मिसाल बताया।
उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में कुछ ही नेता हुए हैं, जिन्होंने बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के अपनी मेहनत की बदौलत राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनायी है। हर मसले का बारीक और विस्तृत विश्लेषण करने वाले अरुण जेटली जिन पदों पर रहे, वहां उन्होंने अपनी अलग छाप छोड़ी।
वित्त मंत्री रहते नोटबंदी, जीएसटी, इनसॉल्वेंसी एवं बैंकरप्शी कोड, जन-धन योजना, कैश ट्रांसफर जैसे कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिहार से भी जेटली का विशेष लगाव था। बिहारवासियों के प्रति उनके मन में आदर था। बिहार में एनडीए सरकार बनाने में उनकी प्रमुख भूमिका थी। आज भले ही जेटली जी हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके कृतित्व और व्यक्तित्व हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।