मुख्य समाचार

बिहार का सम्मान है सुशील मोदी को पद्मभूषण देने की घोषणा : जेस्सी मोदी  

राजनीति के जरिए बिहार के विकास को नई दिशा देने के लिए आजीवन प्रयत्नशील रहे सुशील कुमार मोदी को पद्मभूषण देने की घोषणा पूरे बिहार का सम्मान है। सुशील कुमार मोदी की धर्मपत्नी जेस्सी मोदी और उनके पुत्र अक्षय ने इस सम्मान के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। 

जेस्सी मोदी ने कहा कि मरणोपरांत सुशील कुमार मोदी को पद्मभूषण से सम्मानित करने की घोषणा उनके सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन के समर्पण और सद्कार्य की पहचान का सम्मान है। इस सम्मान से भाजपा के लाखों कार्यकर्ता एवं सुशील मोदी को चाहने वालों के साथ मेरा परिवार भी हर्षित है। 

इस सम्मान को बिहारवासियों को समर्पित कर मुझे काफी प्रसन्नता होगी। उनका बिहार के प्रति पूरा समर्पण था। राजनीति को सेवा एवं आमजन की उन्नति का माध्यम मानने वाले सुशील मोदी के प्रति यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

सुशील मोदी हमेशा पार्टी के अंदर अगली पीढ़ी को तैयार करने वाले राजनेता थे। उन्होंने कई सामाजिक कार्य किए। 

जेस्सी मोदी ने कहा कि यह सम्मान जमीनी स्तर पर सुशील मोदी की कड़ी मेहनत, बिहार के वित्त और विकास को बदलने और देश में जीएसटी के सफल कार्यान्वयन के लिए एक और मान्यता है। उनका काम युवा पीढ़ी और नए युग के नेताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। 
 


संबंधित खबरें