मुख्य समाचार

वैशाली में बुद्ध स्मृति स्तूप का उद्घाटन, 15 देशों के बौद्ध भिक्षु हुए शामिल 

वैशाली जिला में बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। प्रमुख बौद्ध भिक्षुओं ने मंत्रोच्चारण के साथ भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष को श्रद्धापूर्वक स्थापित किया। इस दौरान बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा का संदेश पढ़ा गया।

उद्घाटन समारोह में 15 देशों के प्रमुख बौद्ध भिक्षु एवं बौद्ध धर्मावलंबी शामिल हुए। मुख्यमंत्री, दोनों डिप्टी सीएम एवं कई मंत्री पूरी श्रद्धा के साथ अधिष्ठापन कार्य में शामिल हुए। सभी ने भगवान बुद्ध को नमन किया और राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने स्तूप परिसर में बोध गया के पवित्र बोधि वृक्ष के शिशु पौधे का रोपण किया। 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप के पहले तल पर भगवान बुद्ध का पावन अस्थि कलश स्थापित किया गया है। भगवान बुद्ध का अस्थि अवशेष 6 जगहों से मिला है। इसमें वैशाली के मड स्तूप से मिला अवशेष सबसे प्रामाणिक है। इसकी चर्चा चीनी यात्री ह्वेनसांग ने भी अपनी किताब में की है। यह स्तूप वैशाली को वैश्विक बौद्ध मानचित्र पर प्रतिष्ठित करने के साथ पर्यटन, संस्कृति और रोजगार को नई दिशा देगा।

72 एकड़ जमीन पर बने इस भव्य स्तूप का निर्माण राजस्थान के गुलाबी पत्थरों से हुआ है। परिसर में पुस्तकालय, संग्रहालय, तालाब, गेस्ट हाऊस, एमपी थियेटर एवं कैफेटेरिया भी है। 500 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र के साथ बेहतर पार्किंग की व्यवस्था है।
 


संबंधित खबरें