पटना जीपीओ में बांस निर्मित उत्पाद एवं कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगी है। आठ दिवसीय प्रदर्शनी 25 सितंबर तक है। कला प्रेमियों को समस्तीपुर की शिल्पकार कुमारी किरण के हाथों से बने उत्पादों को देखने का मौका मिलेगा।
विश्व बांस दिवस पर भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) क्षेत्रीय कार्यालय पटना, पटना जीपीओ एवं डाक विभाग बिहार सर्किल ने संयुक्त रूप से प्रदर्शनी का आयोजन किया है। इसका उद्देश्य बांस के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक उपयोगिता के बारे में जागरूकता फैलाना है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन बिहार के चीफ पोस्टमास्टर जनरल एमयू अब्दाली ने किया। उन्होंने कहा कि बांस परंपरा और संस्कृति के साथ एक स्वच्छ और हरित भविष्य की दिशा भी दिखाता है। बिहार के कारीगरों की यह अनमोल कला हमारी सामाजिक-सांस्कृतिक धरोहर है। डाक विभाग ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर आईसीसीआर पटना की क्षेत्रीय निदेशक स्वधा रिजवी, डाक निदेशक पवन कुमार, पटना जीपीओ के चीफ पोस्टमास्टर रंजय कुमार सिंह एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे।