मुख्य समाचार

22 नवंबर से पहले होगा बिहार विधानसभा चुनाव 2025

बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। इससे पहले चुनाव कार्य संपन्न हो जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पटना में यह जानकारी दी। उन्होंने बिहार के मतदाताओं का भोजपुरी एवं मैथिली में अभिवादन किया। साथ ही एसआईआर की सफलता के लिए धन्यवाद भी दिया।

दिल्ली लौटने से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि जिस उत्साह से हम अपने त्योहारों को मनाते हैं, उसी उत्साह से लोकतंत्र के महापर्व में भी शामिल हो। हम अपनी जिम्मेदारी निभाएं और मतदान करें। 

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि बिहार विधानसभा की 243 सीट में 38 सीट एससी और 2 सीट एसटी के लिए आरक्षित है। मतदाता सूची से अयोग्य मतदाताओं का नाम हटाया गया है। इसकी सूची जिला निर्वाचन पदाधिकारी और राजनीतिक दलों के पास भी है। 

मतदाताओं को 15 दिनों के अंदर वोटर कार्ड देने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाता होंगे। 

दो दिवसीय पटना दौरे के दौरान चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। आयोग ने राजनीतिक पार्टी, मुख्य सचिव, डीजीपी, प्रवर्तन एजेंसी के नोडल अधिकारी, प्रमंडल एवं जिला के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। 

चुनाव आयुक्त डॉ सुखबीर सिंह संधू और डॉ विवेक जोशी भी मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ रहेे।
 


संबंधित खबरें