कई दिनों की बैठक के बाद एनडीए में सीटों का बंटवारा रविवार की शाम हो गया। 243 सीटों के बंटवारे में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड को बराबर 101-101 सीटें मिली हैं।
बिहार एनडीए में शामिल चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29, उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा और जीतन राम मांझी की पार्टी हम 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।

सीट बंटवारे के बाद सभी दल उम्मीदवारों की सूची फाइनल करने में जुट गए हैं। 6 नवंबर को होने वाले पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है।
2020 बिहार विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार जदयू को 14 और बीजेपी को 9 सीटें कम मिली हैं। पिछले चुनाव में जीतन राम मांझी (हम) और मुकेश सहनी (वीआईपी) एनडीए में थे। 2020 में जदयू 115, बीजेपी 110, हम 7 और वीआईपी ने 11 सीटों पर चुनाव लड़ा था।