कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने विभिन्न क्षेत्रों में रोटरी इंटरनेशनल के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सेवा और समर्पण का प्रतीक है। रोटरी परिवार को सरकार की ओर से हर संभव सहयोग मिलेगा। रोटरी इंटरनेशनल का स्वास्थ्य, शिक्षा, जल एवं पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान है।
राम कृपाल यादव पटना रोटरी क्लब के उपहार-डिस्ट्रिक्ट फाउंडेशन सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सदस्यों से अनुरोध किया कि संस्था बिहार के युवाओं में कृषि और कृषि उत्पाद के मूल्यवर्धन के लिए जनजागरण अभियान शुरू करे।

इस संस्था का अंतरराष्ट्रीय दायरा है। इसका इस्तेमाल कृषि के क्षेत्र में नई तकनीक को बढ़ावा देने और राज्य के कृषि उत्पाद को लोकल से ग्लोबल बनाने में करें। किसानों के सशक्तिकरण के लिए भी रोटरी आगे आए।
कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। राज्य की जीडीपी में कृषि क्षेत्र का लगभग 21 प्रतिशत योगदान है। विकसित बिहार और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए कृषि का विकास आवश्यक है।