प्रेम कुमार सर्वसम्मति से बिहार विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए। इसके उपरांत नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष ज्ञान और मोक्ष की धरती गयाजी से हैं। आसन (विधानसभा अध्यक्ष) से उम्मीद है कि वे नियमावली के तहत निष्पक्ष होकर संचालन करेंगे।
सत्ता पक्ष तो संख्या बल में है। इसलिए आसन को विपक्ष के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि लोकतंत्र का संतुलन बना रहे।

नेता प्रतिपक्ष ने सदन में कहा कि विपक्ष सरकार का ही अंग होता है। हमारी किसी से दुश्मनी नहीं है, लेकिन सरकार के जनहित से भटकने पर विपक्ष अपना काम पूरी मजबूती से करेगा।
बिहार के विकास के लिए विपक्ष हर सकारात्मक कदम पर सहयोग करेगा, लेकिन जनता के हक की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
तेजस्वी यादव ने अपने संकल्प को दोहराया कि हमारा एक ही उद्देश्य है नया बिहार बनाना। ऐसा बिहार जो बेरोजगारी, पलायन और गरीबी से मुक्त हो।