विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं। आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
इस मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा कि जो जिम्मेदारी मिली है, उस पर खड़ा उतरने की कोशिश करूंगा। बिहार विधानसभा चुनाव में लोक की हार हुई है और तंत्र की जीत हुई है। होली के बाद मैं पूरे बिहार का दौरा करुंगा। चुनाव में हमारा वोट बढ़ा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने तेजस्वी यादव की कार्यक्षमता की तारीफ की और कहा कि मेरा आशीर्वाद तेजस्वी के साथ है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि चुनाव में हार के बावजूद हम हौसला नहीं हारे हैं। हम अपने मिशन पर आगे बढ़ते रहेंगे।
पूर्व मंत्री आलोक मेहता ने बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने देश और प्रदेश की वर्तमान स्थितियों पर कहा कि आरजेडी की भूमिका और जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है। बैठक का संचालन प्रधान महासचिव रणविजय साहू और प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने किया।