मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला कर लिया है। नामांकन के अंतिम दिन (5 मार्च) नीतीश कुमार समेत 6 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इनमें एनडीए से 5 और महागठबंधन से 1 उम्मीदवार हैं।
बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होगा। नए सदस्यों का कार्यकाल 6 साल के लिए 10 अप्रैल से शुरू होगा।
बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह के कार्यालय में एनडीए से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, शिवेश कुमार और महागठबंधन से अमरेंद्र धारी सिंह ने नामांकन किया। नामांकन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।

नामांकन से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राज्यसभा जाने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।
मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा। आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी, उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।

महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह के नामांकन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मौजूद रहे। विधानसभा में एआईएमआईएम के 5, बसपा के 1 और महागठबंधन के 35 सदस्य हैं। इस आधार पर महागठबंधन ने एक उम्मीदवार को चुनाव में उतारा है। अमरेंद्र वर्तमान में आरजेडी से राज्यसभा के सदस्य हैं। उनका कार्यकाल 9 अप्रैल को पूरा हो रहा है।