मुख्य समाचार

Munger : ईको टूरिज्म साइट बनेगी ढोल पहाड़ी, लागत 1249 करोड़

मुंगेर जिला के ढोल पहाड़ी (असरगंज ब्लॉक) और उच्चेश्वर नाथ धाम (टेटिया बंबर ब्लॉक) ईको टूरिज्म साइट के रूप में विकसित होंगे। सीएम सम्राट चौधरी ने मुंगेर दौरे के दौरान दोनों जगहों पर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने ढोल पहाड़ी स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा भी की। 

अधिकारियों ने सीएम को साइट प्लान के माध्यम से ईको पर्यटन कार्य की विस्तृत जानकारी दी। राज्य सरकार ने ढोल पहाड़ी के लिए 1249 करोड़ और उच्चेश्वर नाथ धाम के लिए 26.31 करोड़ राशि स्वीकृत की है। 

योजना के तहत ढोल पहाड़ी में पाथ-वे, शुद्ध पेयजल, सुरक्षा, हरित क्षेत्र विस्तार, विशाल शिव प्रतिमा, पक्के रास्ते, सीढ़ियां, पार्किंग एवं प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। 

ढोल पहाड़ी प्राकृतिक सौंदर्य का एक मनोरम केंद्र है। धार्मिक दृष्टिकोण से भी यह जगह महत्वपूर्ण है। यहां का प्राचीन शिव मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। स्वतंत्रता आंदोलन के समय यह जगह क्रांतिकारियों का एक गुप्त अड्डा था। अंग्रेज सैनिकों के आने की सूचना देने के लिए क्रांतिकारी यहां से ढोल बजाकर संदेश देते थे। इस कारण इसका नाम ढ़ोल पहाड़ी पड़ा।


संबंधित खबरें