राज्य के किशनगंज और मुजफ्फरपुर जिलों में डालमिया भारत और अंबुजा सीमेंट (अदानी ग्रुप) की नई यूनिट लगने की तैयारी शुरू हो गई है। मुजफ्फरपुर के महवल औद्योगिक क्षेत्र के लिए दोनों कंपनियों को राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड (SIPB) से स्वीकृति मिली है। किशनगंज में भी डालमिया सीमेंट (नॉर्थ ईस्ट) की फैक्ट्री लगेगी।
अंबुजा सीमेंट : मुजफ्फरपुर में अदानी ग्रुप 1114.94 करोड़ का बड़ा निवेश करेगा। इस आधुनिक यूनिट की उत्पादन क्षमता 8219 मीट्रिक टन प्रति दिन (8219 MTPD) होगी।
डालमिया भारत : मुजफ्फरपुर में 573.15 करोड़ और किशनगंज में 573.76 करोड़ की लागत से नई यूनिट लगेगी। दोनों यूनिट की उत्पादन क्षमता 2.5 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (2.5 M MTPA ) होगी।
बिहार में बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर का लाभ सीमेंट कंपनियां उठा रही हैं। बड़ी सीमेंट कंपनियों का निवेश जारी है। रोहतास में डालमिया भारत और औरंगाबाद में श्री सीमेंट की यूनिट पहले से कार्यरत है। नवादा में जहां अंबुजा सीमेंट की नई यूनिट का काम तेजी से चल रहा है, वहीं अल्ट्राटेक सीमेंट ने बांका जिले को चुना है। जेके सीमेंट का बक्सर से 28 फरवरी 2026 को उत्पादन शुरू हो गया।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह का कहना है कि राज्य सरकार निवेशकों को बेहतर सुविधाएं, शीघ्र स्वीकृति और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। इससे बिहार में उद्योगों का तेजी से विकास हो रहा है।