मुख्य समाचार

LNMI Patna : हर सेशन से 100 स्टूडेंट 1 माह के लिए जाएंगे विदेश

एलएनएमआई ( LNMI Patna ) के विद्यार्थियों को गंगा टू ग्लोबल के तहत विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में सीखने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक सेशन से 100 विद्यार्थियों को 1 महीने के लिए विदेश भेजा जाएगा। 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह घोषणा की। वे ललित नारायण मिश्र संस्थान (एलएनएमआई) में छात्रों के इंडक्शन एवं ओरियेंटेशन प्रोग्राम आगाज 2026 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 6 गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को सम्मानित और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया।

सीएम ने कहा कि एलएनएमआई बिहार की महत्वपूर्ण शैक्षणिक विरासत का हिस्सा है। वर्तमान में लगभग 1600 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इसे बढ़ाकर 3000 करने की योजना है।

बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और वैश्विक स्तर के अवसर मिले। एलएनएमआई में जगह की कमी है। इसके लिए 1 एकड़ जमीन संस्थान को मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए टाउनशिप विकास के क्रम में एलएनएमआई को 10 एकड़ जमीन सेटेलाइट कैंपस की स्थापना के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। संस्थान में एआई का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, सेंटर फॉर अर्बन पॉलिसी एंड गवर्नेस और क्वांटम कम्प्यूटर सेंटर की स्थापना होगी। 

कार्यक्रम को संस्थान के कार्यवाहक अध्यक्ष नीतीश मिश्रा, निदेशक डॉ एन. विजयलक्ष्मी, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के वीसी प्रो शरद यादव ने भी संबोधित किया।
 


संबंधित खबरें