बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने केंद्रीय टीम बिहार आयी है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने पटना, सारण, मुंगेर और भागलपुर जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया।
केंद्रीय टीम ट्रैक्टर और बोट से वैशाली जिला पहुंची। जिला के राघोपुर प्रखंड की तेरसिया पंचायत के तेरसिया और सरायपुर गांवों में फसल क्षति को नजदीक से देखा। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी भी साथ रहे।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री ने वहां मौजूद लोगों की समस्याओं को सुना और समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान छोटे बच्चे विशाल कुमार को सम्मानित किया गया। विशाल ने अपने गांव के 4 लोगों की बाढ़ से जान बचाई थी।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस बार वर्ष 2016 से एक फीट ज्यादा पानी है। केले और मक्के की फसल बर्बाद हो गयी है। बिहार की करीब 50 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। फसल, पशु और मकान को काफी नुकसान हुआ है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अभी प्रति परिवार 7 हजार राशि की तत्काल सहायता दी है। प्रधानमंत्री के निर्देश पर केंद्र सरकार की तरफ से मैं आया हूं। कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि एक और केंद्रीय टीम बिहार आएगी। अभी राज्य सरकार अपने संसाधन से बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रही है। सड़क, फसल और मकानों को नुकसान हुआ है। नुकसान को देखते हुए केंद्र सरकार भी हर संभव सहायता देगी।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नुकसान का वास्तविक आकलन पूरा होने के बाद किसान एवं अन्य प्रभावितों को उचित मुआवजा मिलेगा।