मुख्य समाचार

बिहार में बाढ़ से क्षति आकलन के लिए शीघ्र आएगी केंद्रीय टीम

बिहार में बाढ़ से हुई क्षति का जायजा लेने शीघ्र केंद्रीय टीम बिहार का दौरा करेगी। टीम का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। हिंदी दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह जानकारी दी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की नदियों का राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए नदियों को जोड़ना भी है और बचाना भी है। जल प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण के लिए दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ काम हो रहा है। सरकार बाढ़ से होने वाली क्षति को कम करने के साथ इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीर है।

हिंदी दिवस पर मुख्यमंत्री ने बिहार में दो दिवसीय हिंदी साहित्य समागम के आयोजन की घोषणा की। समागम में देशभर के प्रमुख साहित्यकार, कवि, रचनाकार और विद्वान शामिल होंगे। 

उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस हमें अपनी भाषा के प्रति गौरव और जिम्मेदारी दोनों का बोध कराता है। हिंदी को केवल सरकारी कार्यक्रम या किसी एक दिवस तक सीमित नहीं रखें। इसका दैनिक जीवन और कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक प्रयोग होना चाहिए। 

हिंदी साहित्य को समृद्ध बनाने में बिहार की कई विभूतियों का योगदान रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से हिंदी में संबोधन कर हिंदी को अंतरराष्ट्रीय गौरव प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन में भारत की बात दुनिया के सामने हिंदी में रखी। 

कार्यक्रम को डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया। 
 


संबंधित खबरें