मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली और सारण जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। हाजीपुर और सोनपुर के बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे लोगों से सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कम्युनिटी किचन का जायजा लिया और लोगों को भोजन परोसा।
भोजन की गुणवत्ता जांच के लिए उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के साथ भोजन किया। बाढ़ से मरने वालों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि भी दी। मुख्यमंत्री के साथ दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी थे।
मुख्यमंत्री ने पीड़ितों से कहा कि बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए सरकार काम कर रही है। फसल क्षति के आकलन के बाद किसानों को मुआवजा मिलेगा। उन्होंने जिला प्रशासन को पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और दवा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

राहत शिविरों के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि गंगा नदी के जलस्तर में 17 सेंटीमीटर की गिरावट आयी है। फरक्का बराज से 15 लाख क्यूसेक पानी का लगातार डिस्चार्ज हो रहा है। अगले दो-तीन दिनों में और राहत मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि आपदा से लोगों को निजात दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी है। पीड़ितों के लिए भोजन, इलाज, पढ़ाई एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। स्थिति सामान्य होने के बाद एक-एक हाउस होल्ड की जांच कर नुकसान का आकलन होगा। गंगा के स्ट्रेच को एक सीमा में बांधने के लिए केंद्रीय जल आयोग से बात हुई है।