बिहार में प्रतिदिन लगभग 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। इसे वर्ष 2030 तक एक करोड़ लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पशुपालन, डेयरी विकास और दूध संग्रह की व्यवस्था और मजबूत की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ये बातें कहीं। वह राष्ट्रीय दूध दिवस 2026 पर पटना के बापू सभागार में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद थे।
सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री गौधन योजना के माध्यम से अच्छी नस्ल की गाय और भैंस खरीदने के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है। इससे पशुपालकों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं और दूध का उत्पादन बढ़ रहा है। बिहार में गाय और भैंस के साथ बकरी पालन को भी बढ़ावा मिलेगा। बकरी पालन ग्रामीण परिवार की आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। सुधा के माध्यम से प्रतिदिन एक लाख लीटर बकरी दूध के संग्रहण और विपणन का लक्ष्य है।

पशुपालन के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पशु सखी भी तैयार की जा रही हैं। ये पशुपालकों को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन देंगी। वर्ष 2030 से पहले बिहार की एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। अब तक 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुधा ने अपनी गुणवत्ता और विश्वसनीयता से देशभर में पहचान बनाई है। सुधा ने असम में एक लाख लीटर क्षमता की प्रोसेसिंग यूनिट लगाई है। शीघ्र पश्चिम बंगाल में भी एक लाख लीटर क्षमता की प्रोसेसिंग यूनिट शुरू होगी। इससे बिहार के दूध उत्पादकों को बड़ा बाजार मिलेगा। बिहार के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को भी सुधा के माध्यम से बाजार मिल रहा है। मखाना की खीर एवं रबड़ी की पहुंच आम लोगों तक हो गई है।
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम, केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के सचिव नरेशपाल गंगवार और राज्य सरकार के सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने भी संबोधित किया।