मुख्य समाचार

बिहार में एग्री बिजनस को बढ़ावा देगी वाल-मार्ट

पटना। अमेरिकी कंपनी वाल-मार्ट बिहार में एग्री बिजनस को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगी। यह आश्वासन कंपनी के वाईस प्रेसिडेंट पी.मार्टन ने बिहार उद्योग संघ (बीआईए) को दिया है। मार्टन ने कहा कि बिहार की भौगोलिक संरचना एग्री बिजनस के अनुकूल है। बीआईए के चार प्रतिनिधि समेत नौ लोग बिहार से ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप समिट (जीईएस) में शिरकत करने हैदराबाद गए थे। 28 से 30 नवंबर तक समिट का आयोजन नीति आयोग, भारत सरकार एवं यूएसए सरकार ने मिलकर किया था। उक्त जानकारी बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केशरी ने प्रेस काॅन्फ्रेंस में दी। 
बीआईए के नरेश नंदन एवं विजय गोयनका ने बताया कि सम्मेलन में शामिल होने का मकसद नवीनतम तकनीक से रू-ब-रू होना था और बिहार के परिपेक्ष्य में इसका लाभ कैसे लिया जाए। कृषि प्रधान राज्य होने के कारण बिहार में एग्री बिजनस की अच्छी संभावना है। इस संदर्भ में वाल-मार्ट और जैन एरिगेशन कंपनियों से बात हुई है। उन्होंने टेक्नोलाॅजी को अपग्रेड करने की सलाह दी है। इसके लिए सहायता का आश्वासन मिला है। बाॅक्स ब्वाॅय के नाम से बेहतर खाना उपलब्ध करा रहे आकाश दीप व उद्यमी संजीव कनोडिया ने भी अपने अनुभव को बताया। सम्मेलन में इनके अलावा मिथिला अस्मिता नाम से मधुबनी पेंटिंग्स का काम कर रही रुचिका झा, जीपीएस डिवाइस निर्माण क्षेत्र में कटिहार के रवि सेठिया व सहरसा-सुपौल में कैब सुविधा उपलब्ध करा रही आर्यन कैब ने भी भाग लिया।  
मौके पर बीआईए के उपाध्यक्ष संजय भरतिया भी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें