मुख्य समाचार

उद्यमियों को आकर्षित करने में मददगार होगा पाटलिपुत्र महोत्सव 

पटना। सांसद आरसीपी सिंह ने कहा कि सूबे के विकास के लिए राज्य सरकार गंभीर है। कृषि,उद्योग व व्यापार समेत समाज के हर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार मुहिम चल रही है। पाटलिपुत्र महोत्सव के जरिए जदयू के उद्योग सेल ने समाज और राज्य के प्रति अपने दायित्व को निभाने का नया प्रयोग किया है। महोत्सव से महिला उद्यमियों को नई प्रेरणा मिलेगी। यह बहुआयामी महोत्सव है। इसमें कला,उद्योग,समाज सुधार,महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनसे उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उक्त बातें उन्होंने पाटलिपुत्र महोत्सव के उद्घाटन के दौरान कहीं। महोत्सव एक जनवरी तक चलेगा। 
सांसद ने कहा कि सत्ता का वास्तविक अर्थ सेवा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता को बिहार के सपनों से जोड़ा है। सात निश्चय वोट पाने का हथियार नहीं, बल्कि एक मिशन है। नशा, दहेजप्रथा और बालविवाह के खिलाफ अभियान शुरू कर सामाजिक परिवर्तन का अभियान शुरू किया गया है। 
एमएलसी डॉ रणवीर नंदन ने कहा कि पाटलिपुत्र महोत्सव का लक्ष्य ब्रांड बिहार की ताकत को दिखाना है। बिहार में जब भी औद्योगिकरण की बात होगी,तो पार्टी को याद किया जाएगा। जदयू राजनीति के साथ समाज को मजबूत बनाने के लिए भी अभियान चलाता है। 
उद्योग सेल के प्रदेश अध्यक्ष संजय खंडेलिया ने कहा कि महोत्सव में सात दिनों तक रंगारंग कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म और आइडियाथॉन का आयोजन होगा। लोग बिहारी जायके का भी आनंद ले सकेंगे। स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए इसमें 100 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। महोत्सव में शराबबंदी, दहेजबंदी, बाल विवाहबंदी, स्वच्छता मिशन, महिला सशक्तीकरण, स्किल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
समारोह का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता सिंह ने किया। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, सुनीता सिंह, जदयू महासचिव अनिल कुमार, डॉ नवीन आर्या, जदयू व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कमल नोपानी, प्रशिक्षण सेल के अध्यक्ष सुनील कुमार, विक्रम बंका, रंजीत प्रभाकर व नम्रता नंदन मौजूद थे। 
पाटलिपुत्र महोत्सव मीडिया सेल के प्रभारी प्रिंस श्रीवास्तव, उद्योग प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष अशोक वर्मा, उपाध्यक्ष रवींद्र शर्मा व कोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा भी मौजूद थे।  
 


संबंधित खबरें