पटना। देश के टेक्सटाइल उद्योग के प्रमुख लोगों के साथ बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स की बैठक हुई। चैंबर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने कहा कि बिहार में टेक्सटाइल क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं। काफी संख्या में बिहार के व्यवसायी इस क्षेत्र में हैं तथा उपभोक्ता भी हैं। बिहार से बड़ी संख्या में व्यवसायी गुजरात, पंजाब, बंगाल व दिल्ली से कपड़ों की खरीद-बिक्री करते हैं ।
अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि टेक्सटाइल के क्षेत्र में राज्य में बेहतर आधारभूत संरचना है। मैनपावर की भी कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार भी सहयोग के लिए कृतसंकल्पित है । यदि गुणवत्तापूर्ण वस्त्रों का उत्पादन राज्य में हो, तो उन्हें मार्केटिंग के लिए सोचना नहीं पड़ेगा। युवाओं को भी रोजगार का अवसर मिलेगा ।
टेक्सटाइल क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिहार भविष्य में टेक्सटाइल हब बन सकता है। अगर सस्ती जमीन, कुशल श्रमिक, फैक्ट्री के नजदीक रेलवे एवं अन्य वाहनों द्वारा माल भेजने की सुविधाएं, राज्य सरकार की फंडिंग और सरकारी सुविधाएं खासकर सिक्यूरिटी। टेक्सटाइल क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल में ओरियेंटल डाइंग के रजत सूद, वर्ल्डवाइड टेक्सटाइल्स लि. के पवन गर्ग, मिलन एक्सपोर्टस प्रा.लि. के नरेंद्र चुग एवं केजी एक्सपोर्टस के हरीश दुआ मौजूद थे।
बैठक में बियाडा के भोगेेंद्र लाल, चैंबर के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार जैन, कोषाध्यक्ष विशाल टेकरीवाल, महामंत्री अमित मुखर्जी, गणेश कुमार खेतऱीवाल, शशि मोहन, ए.एम. अंसारी व पशुपति नाथ पांडेय समेत कई लोग मौजूद थे ।