पटना/बिहार कारोबार न्यूज । बिहार महिला उद्योग संघ की अध्यक्ष पुष्पा चोपड़ा के निधन पर बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने शोक व्यक्त किया है। बीआईए परिसर में आयोजित शोकसभा में एसोसिएशन के सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पुष्पा चोपड़ा का निधन जमशेदपुर में 27 अप्रैल को हो गया। वह लीवर की बीमारी से लंबे समय से पीड़ित थीं।
बीआईए के सदस्यों ने पुष्पा चोपड़ा को कर्मठ एवं जुझारू महिला उद्यमी के रूप में याद किया। उन्होंने अपनी कर्मठता एवं लगन से राज्य में महिलाओं के सशक्तीकरण तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कार्य किए। वह बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन में कोषाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों को संभाल चुकी हैं। बिहार महिला उद्योग संघ जिसकी वे संस्थापक अध्यक्ष थीं को उन्होंने उसके गठन से लेकर वर्तमान में एक मुकाम तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया।
महिला उद्योग संघ की महासचिव उषा झा ने उनके निधन को संघ के लिए बड़ी क्षति बताई है। संघ की सुजाता जायसवाल, इंदु अग्रवाल, सुनीता सिंह एवं मेनका सिन्हा ने भी शोक व्यक्त किया है।