पटना । नवसृजित महिला उद्यमी संघ की अध्यक्ष कल्पना ने कहा कि महिला सशक्तिकरण ही महिलाओं के विकास का केंद्र बिंदु है । महिलाओं की वित्तीय आत्मनिर्भरता के लिए सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर प्रयास हो रहे हैं । संघ महिलाओं के लिए एक प्लेटफाॅर्म उपलब्ध करा रहा है, जिसमें ग्रामीण स्तर तक की महिलाएं टीम वर्क के रूप में काम करेंगी । एक सफल महिला उद्यमी बनने की आवश्यक सुविधाएं संघ उपलब्ध कराएगा । उक्त बातें उन्होंने बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन परिसर में नवसृजित महिला उद्यमी संघ के लांचिंग के मौके पर कहीं ।
बिहार विद्यापीठ के अध्यक्ष व रिटायर्ड आईएएस अधिकारी विजय प्रकाश ने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्था की तरक्की के लिए यह जरूरी है कि उसका बेहतर प्रबंधन हो । अटल इनक्यूबेशन योजना पर भी उन्होंने प्रकाश डाला। बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केशरी ने महिला उद्यमी संघ के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि एसोसिएशन की स्थापना से महिला सशक्तिकरण के प्रयास को और बल मिलेगा ।
पटना दूरदर्शन की प्रोग्राम डायरेक्टर डाॅ रत्ना पुरकायस्थ, स्कूल आॅफ क्रियेटिव लर्निंग की प्राचार्या डाॅ मृदुला प्रकाश, संघ की सचिव ममता, अलंकार मोटर के चेयरमैन विंग कमांडर नरेन्द्र कुमार ने भी अपने अनुभवों को साझा किया।