मुख्य समाचार

रूह अफजा बाजार में उपलब्ध नहीं, ग्राहक निराश

पटना/17.04.19। हमदर्द कंपनी का लोकप्रिय ब्रांड रूह अफजा बाजार में उपलब्ध नहीं है। शर्बत के तौर पर रूहअफजा की खास पहचान है। इसके अलावा कुल्फी व लस्सी में भी इसका प्रयोग होता है। गर्मी आते ही इस प्रोडक्ट की मांग बढ़ जाती है, लेकिन उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्राहकों को निराशा मिल रही है। 

राजधानी की थोकमंडियों के विक्रेताओं का कहना है कि रूहअफजा नहीं मिलने के कारण दूसरी कंपनियों के रोज सिरप बेच रहे हैं। हालांकि ग्राहकों की पहली पसंद रूह अफजा ही है। इसकी वजह इसमें मौजूद खास हर्ब्स है। यूनानी चिकित्सा पद्धति पर तैयार रूहअफजा गर्मी में कई बीमारियों से राहत भी देता है। 

लस्सी व कुल्फी विक्रेताओं का भी कहना है रूहअफजा का फ्लेवर बिल्कुल अलग है। इसकी थोड़ी मात्रा से ही स्वाद बढ़ जाता है। अशोक राजपथ स्थित हमदर्द वेलनस सेंटर से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी। 

हालांकि जानकारों का कहना है कच्चे माल की कमी की वजह से रूहअफजा तैयार नहीं हो रहा था। अब इसका उत्पादन शुरू हो गया है और शीघ्र ही बाजार में उपलब्ध होगा। हमदर्द ने 1906 में रूहअफजा का उत्पादन गाजियाबाद में शुरू किया था। 
 


संबंधित खबरें