मुख्य समाचार

सिल्क प्रदर्शनी में हैंडवर्क साड़ियों की बढ़ी मांग

पटना। तारामंडल में चल रही दस दिवसीय सिल्क प्रदर्शनी में महिलाएं  हैंडवर्क साड़ियां पसंद कर रही हैं। सिल्क बुनकरों ने बताया कि दिवाली एवं छठ को खास बनाने के लिए आकर्षक साड़ियां उपलब्ध हैं। हस्तशिल्पी के निदेशक टी अभिनंद ने बताया कि करवा चौथ, दिवाली एवं छठ के लिए देश के सिल्क बुनकर बेहतरीन उत्पाद लाये हैं।

कोलकाता के एसएस इंटरप्राइजेज की मिठू मित्रा सोने के थ्रेड से बनाई गई बालुचेरी व शरनाचेरी की साड़ियां लेकर आई हैं। इसमें मीनाकरी के साथ हाथ से बुनाई पसंद आ रही है। इसकी कीमत 83 हजार है। वहीं, 65 हजार में मिल रही ढाकाई मसलिन के अलावा तसर, कांथा वर्क एवं सिल्क की साड़ियों पर की गई पेंटिंग लोगों को पसंद आ रही है। पेंटिंग में एथनिक एवं फेस पेंटिंग खास है। इसकी कीमत 18 हजार से शुरू है। 

भागलपुर के एफिनिटी सिल्क के आलम के स्टॉल पर मूंगा, कोसा, कटिया व कॉटन सिल्क की साड़ियां डिमांड में है। सूट के अलावा लिनेन फैब्रिक भी है। संप्रदा सिल्क के रमेश व अब्बास ने बताया कि कोचमपल्ली गांव में बनी इक्कत सिल्क साड़ी के अलावा गढ़वाल साड़ी लाये हैं। इसके अलावा इक्कत वर्क में दुपट्टा व फैब्रिक भी है। 

आरजू हैंडलूम के मुदस्सिर ने बताया कि यूपी के आजमगढ़ के पास मुबारकपुर में बनी करिश्मा साड़ियां विशेष धागे से बनी हैं। कम दाम में बेहतर साड़ियों के लिए इसे लोग ले रहे हैं। ठंड के लिए कश्मीर की पशमीना शॉल से लेकर दूसरे गर्म कपड़े भी हैं। 

आयोजन समिति के प्रेमपाल ने बताया कि लोग काफी खरीदारी कर रहे हैं। प्रदर्शनी में 60 से अधिक स्टॉल हैं। यहां बिहार, बंगाल, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, यूपी, मध्यप्रदेश, केरल, गुजरात एवं कश्मीर समेत कई राज्यों के मशहूर कपड़े उपलब्ध हैं।
 


संबंधित खबरें