पटना । मकर संक्रांति पर सुधा दूध एवं दही की अधिक मांग को देखते हुए काॅम्फेड ने अतिरिक्त व्यवस्था की है। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन (काॅम्फेड) ने बिहार एवं झारखंड में 7.5 लाख किलो दही एवं 105 लाख लीटर दूध बिक्री का लक्ष्य रखा है। दोनों राज्यों में 21 हजार विक्रेताओं के माध्यम से इनकी बिक्री की जायेगी।
मकर संक्रांति पर पटना शहर में सर्वाधिक दूध की बिक्री 20.50 लाख लीटर एवं दही की 3.10 लाख किलो होने की संभावना है। शहर के छह सुधा केंद्रों पर 12 और 13 जनवरी को टैंकर से निर्धारित समय पर दूध आपूर्ति की व्यवस्था की गई है।
टैंकर का समय बोरिंग रोड चौराहा और पीरबहोर थाना के समीप सुधा केंद्रों पर सुबह सात से दस बजे, हनुमान मंदिर राजवंशी नगर और दिनकर गोलंबर पर समय 10.30 से 1.30 बजे, जगदेव पथ एवं गायघाट पुल के नीचे दो से पांच बजे तक है। ऐसी ही व्यवस्था अन्य बड़े शहरों में भी की गई है। आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी होने पर काॅम्फेड मुख्यालय के टाॅल फ्री नंबर 18003456199 पर जानकारी दे सकते हैं।