पटना। बिहार के सभी थोक एवं खुदरा दवा विक्रेता 22 जनवरी से तीन दिनों तक अपनी दुकानें बंद रखेंगे। बंदी का आहवान बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने किया है। एसोसिएशन का कहना है कि दवा दुकानदारों को फार्मासिस्ट की उपलब्धता एवं तकनीकी खामियों का कारण बताकर विभाग परेशान कर रहा है। बंदी का जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने भी समर्थन किया है।
संघ के अध्यक्ष पीके सिंह ने बताया कि 22 जनवरी से 24 जनवरी तक बिहार की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। यदि कोई समाधान नहीं निकलता है, तो हमें विवश होकर अनिश्चितकाल के लिए दुकानों को बंद करना पडे़गा। उन्होंने कहा कि विभागीय निरीक्षण का उद्देश्य सुधार होना चाहिए न कि विक्रेताओं को परेशान करना।
संघ की मांग : फार्मासिस्ट की उपलब्धता के समाधान तक विभागीय कार्रवाई से राहत, दवा दुकानों का निरीक्षण ड्रग एक्ट के फाॅर्म 35 के अनुसार हो, 29.03.2019 के विभागीय ज्ञापांक 262(15) को अविलंब निरस्त करना, तकनीकी खामियों में सुधार के लिए उचित समय देना एवं दवा दुकानों के निरीक्षण में पारदर्शिता बनी रहे। लाइसेंस नवीकरण में केंद्र सरकार की अधिसूचना के अनुसार राज्य औषधि नियंत्रक चालान जमा करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करे।