पटना। राजधानी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए शहर के 100 स्ट्रीट वेंडरों को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन, पांच किलोग्राम का दो सिलिंडर, रेगुलेटर, पाईप एवं गैस चूल्हा दिया गया। इस तरह का आयोजन देश में पहली बार किया गया है।
काॅरपोरेट सोशल रेस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत इंडियन आयल काॅरपोरेशन (आईओसी) एवं बिहार स्टेट रोड डेवलपेंट काॅरपोरेशन (बीएसआरडीसी) के सौजन्य से सामान का निःशुल्क वितरण किया गया। प्रमंडलीय आयुक्त सह परिवहन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल की पहल पर पटना में दूसरी बार स्ट्रीट वेंडरों को निःशुल्क सामान मिला है।
हिंदी भवन सभागार में आयोजित समारोह में प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि लाभुक वेंडरों को कोयला एवं गोईठा से चूल्हा जलाने से छुटकारा मिलेगी। इससे पहले दो दिसंबर को 50 वेंडरों को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन दिया गया था। तीसरे चरण में चिन्हित 125 स्ट्रीट वेंडरों को निःशुल्क कनेक्शन मिलेगा।
इस अवसर पर आईओसी के कार्यकारी निदेशक विभाष कुमार, महापौर सीता साहू, उप महापौर मीरा देवी एवं नगर आयुक्त अमित कुमार पांडेय मौजूद थे।