पटना। दवा की थोक मंडी गोविंद मित्रा रोड (जीएम रोड) में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण पर नियंत्रण के लिए सरकार की ओर से बार-बार सोशल डिस्टेंसिंग की अपील की जा रही है। बाजार में पुलिस चेकपोस्ट भी है। बावजूद यहां की तस्वीर कुछ ओर है।
गोविंद मित्रा रोड से पटना एवं अन्य जिलों के विक्रेता दवाओं की खरीद करते हैं। इस कारण यहां भीड़ अधिक होती है। बाजार की संरचना भी इस तरह है कि यहां जाम लगना स्वाभाविक है। वर्तमान स्थिति में यदि लापरवाही बरती गई, तो इसके परिणाम का अंदाज लगाया जा सकता है।
बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष परसन कुमार सिंह का कहना है कि इस संबंध में जिला प्रशासन, थाना प्रभारी एवं ड्रग कंट्रोलर को जानकारी दी गई है। दवा दुकान आपातकालीन सेवा में शामिल हैं, लेकिन सोशल डिस्टेसिंग का तो पालन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन जिस तरह यहां भीड़ होती है। यदि मामला बिगड़ गया, तो सूबे में दवा की आपूर्ति बाधित हो जायेगी।