पटना। बीएमडब्ल्यू वेंचर्स ने अपने डीलर के जरिये बिहार में 12800 परिवारों में खाद्य सामग्री वितरित की। बीएमडब्ल्यू वेंचर्स बिहार में टाटा स्टील के डिस्ट्रीब्यूटर हैं। एमडी विजय कुमार किशोरपुरिया ने इस कार्य में सहयोग के लिए अपने सभी डीलर को धन्यवाद दिया है।
विजय कुमार किशोरपुरिया ने बताया कि कोरोना वायरस के कारण उत्पन्न आपदा की घड़ी में बीएमडब्ल्यू ग्रुप ने भी बिहार में मदद का प्रयास किया है। नौ दिनों तक राहत सामग्री जरूरतमंदों में बांटी गई। 12800 पैकेट में डीलर बंधुओं की ओर से 4340 एवं बीएमडब्ल्यू वेंचर्स की ओर से 8460 पैकेट वितरित किये गये। प्रत्येक पैकेट का वजन 21 किलो था।
खाद्य सामग्रियों के वितरण में बीएमडब्ल्यू ग्रुप ने लगभग 45 लाख एवं डीलर बंधुओं ने 65 लाख राशि खर्च की है। इससे पहले तीन अप्रैल को बीएमडब्ल्यू ग्रुप ने पीएम केयर्स फंड एवं बिहार सीएम रिलीफ फंड में 20-20 लाख रुपये की सहायता दी थी।
ग्रुप के निदेशक नितिन किशोरपुरिया ने बताया कि कंपनी के फतुहा एवं पूर्णिया स्थित स्टाॅक यार्ड के समीप के तीन सौ जरूरतमंद परिवारों कोे भी खाद्य सामग्री दी गई। वितरण कार्य में स्थानीय पुलिस का सहयोग मिला।
पटना में 1100 अखबार हॉकरों में भी खाद्य सामग्री वितरित की गई। प्रत्येक पैकेट का वजन दस किलो था। राजवंशी नगर स्थित खिलखिलाहट रेनवो होम की 150 लड़कियों एवं दीघा घाट के उमंग बाल विकास के 150 मूक-बधिर बच्चों में भी राहत सामान बांटा गया। इसके अलावा एनजीओ के जरिये 2800 किलो खाद्य सामग्री, 400 मास्क और 200 साबुन भी पटना के विभिन्न हिस्सों में वितरित किये गये।