मुख्य समाचार

सस्ते मोबाइल फोन के लिए ग्राहकों को करना होगा इंतजार 

पटना। सस्ते और अच्छे मोबाइल फोन को पाने के लिए ग्राहकों को थोड़ा इंतजार करना होगा। इसकी वजह मांग की तुलना में आपूर्ति कम होना है। कोविड-19 संकट के कारण ऑनलाइन कामकाज बढ़ गया है। बच्चों की पढ़ाई भी ऑनलाइन ही हो रही है। ऐसी स्थिति में मोबाइल की मांग बढ़ना स्वाभाविक है।  

बिहार में औसतन एक उपभोक्ता दस हजार रुपये तक के मोबाइल फोन को खरीदना पसंद करता है। कोशिश यह होती है कि इस कीमत पर नवीनतम फीचर के साथ एक हैंडसेट मिल जाये। राजधानी के मोबाइल बाजार का सर्वे करने पर यह देखा गया कि अधिकतर रिटेल स्टोर पर हैंडसेट 15 हजार से अधिक कीमत के हैं। 

बाजार में सैमसंग, नोकिया, विवो एवं शाओमी के मोबाइल फोन उपलब्ध हैं। विक्रेताओं ने बताया कि लाॅकडाउन से पहले सभी रेंज में फोन उपलब्ध थे। कम कीमत के फोन पहले निकल जाने से अब अधिक कीमत के फोन ही मिल रहे हैं। 

चुनिंदा स्टोर पर सैंमसंग के दो माॅडल के किफायती फोन हैं, लेकिन सीमित संख्या में। हाल ही में लांच एम 01 एवं 11 और पहले से उपलब्ध जे टू कोर। 

सैमसंग मोबाइल डिवीजन (सेंट्रल बिहार) के संजय सिंह ने बताया कि आपूर्ति कम होने के कारण एम 01 एवं एम 11 सभी जगह उपलब्ध नहीं हैं। इसकी वजह मांग में अचानक वृद्धि है। उत्पादन बढ़ने पर स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो जायेगी। 
 


संबंधित खबरें