पटना। गोविंद मित्रा रोड (जीएम रोड) सहित पटना जिला की सभी थोक दवा दुकानें लाॅकडाउन अवधि तक शनिवार एवं रविवार को बंद रहेंगी। साथ ही गोविंद मित्रा रोड की खुदरा दवा दुकानों को भी दोनों दिन बंद करने का निर्णय लिया गया है। कोविड 19 से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने यह निर्णय लिया है।
जिले की अन्य खुदरा दवा की दुकानें पहले की तरह संचालित होंगी। शनिवार एवं रविवार को छोड़कर अन्य दिन थोक दवा दुकानों का समय सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक होगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रसन्न कुमार सिंह एवं महासचिव अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सप्ताह में दो दिन दुकान बंद करने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई है। उन्होंने बताया कि पटना, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी सहित कई जिलों में दवा व्यापारी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं और कुछ की मौत भी हो गई है।
एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि सूबे के सभी सीएंडएफ, डिस्ट्रीब्यूटर, स्टाॅकिस्ट एवं थोक एवं खुदरा विक्रेताओं की कोविड जांच एवं गोविंद मित्रा रोड सहित जिलों की थोक मंडी को समय-समय पर सेनिटाइज करने की व्यवस्था की जाये।