नई दिल्ली। एमेजॉन, फ्लिपकार्ट, स्नैपडील एवं अन्य ई-कॉमर्स पोर्टल ने खादी ब्रांड नाम से उत्पादों की बिक्री करने वाले 160 से अधिक वेब लिंक को हटा दिया है। खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) की नोटिस के बाद ई-कॉमर्स कंपनियों ने यह पहल की है।
केवीआईसी ने कहा कि 1,000 से अधिक कंपनियों को लीगल नोटिस भेजा गया था। ये अपने उत्पादों को बेचने के लिए खादी इंडिया ब्रांड का उपयोग कर रही थीं। इस तरह वे खादी की प्रतिष्ठा को धूमिल कर कारीगरों को नुकसान पहुंचा रही थीं।
नोटिस के बाद खादी ग्लोबल ने भी अपनी वेबसाइट से उन्हें बाहर कर दिया है। ट्विटर, फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर अपने सोशल मीडिया पेजों को भी हटा दिया है। केवीआईसी की इस कार्रवाई से देश में नकली खादी उत्पाद बेचने वाले स्टोर बंद हो गए हैं।
पिछले महीने केवीआईसी ने खादी के नाम से अनधिकृत तौर पर उत्पादों की बिक्री करने के लिए दो फर्म खादी इसेंशियल और खादी ग्लोबल को नोटिस जारी किया था। केवीआईसी ने फैब इंडिया से भी 500 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है। फिलहाल यह मामला मुंबई हाईकोर्ट में लंबित है।
ई-कॉमर्स पोर्टल खादी मास्क, हर्बल साबुन, शैंपू, सौंदर्य प्रसाधन, हर्बल मेहंदी, जैकेट, कुर्ता और खादी ब्रांड का इस्तेमाल करने वाले विभिन्न विक्रेताओं के ऐसे तमाम उत्पादों की बिक्री कर रहे थे। इससे ऑनलाइन खरीदारों में गलत धारणा बनाई जा रही थी कि ये वस्तुएं असली खादी उत्पाद हैं।