मुख्य समाचार

रेमडेसिविर इंजेक्शन 1298-2800 रुपए में उपलब्ध  

पटना। बिहार सरकार ने सभी जिलों के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन की कीमत जीएसटी समेत तय कर दी है। कोरोना मरीजों से कई हाॅस्पिटल एवं कोविड केयर सेंटर इंजेक्शन की मनमानी कीमत वसूल रहे हैं । यह राशि वास्तविक कीमत से कई गुणा अधिक है। कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी जारी है।  

जनहित में सप्लाई करने वाली कंपनियों के इंजेक्शन की कीमत स्वास्थ्य विभाग ने जारी की है। निर्धारित दर से अधिक कीमत लेने वाले हाॅस्पिटल संचालकों पर प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

बिहार में डाॅ रेड्डी, कैडिला, सिप्ला, सनफार्मा, जूबिलेंट जेनरिक, मीलन फार्मा एवं हेटेरो हेल्थकेयर कंपनियां रेमडेसिविर इंजेक्शन की सप्लाई कर रहीं हैं। जीएसटी सहित इंजेक्शन (100 एमजी) की कीमत डाॅ रेड्डी की 1948 रुपए, कैडिला की 1298, सिप्ला की 1468, सनफार्मा की 1568, जूबिलेंट जेनरिक की 1904, मीलन फार्मा की 1568 एवं हेटेरो हेल्थकेयर की 2800 रुपए है। 
        
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि राज्य के सभी जिलों में रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध है। कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे डाॅक्टर की सलाह पर परिजन संबंधित जिलों के सिविल सर्जन एवं सहायक औषधि नियंत्रक से इंजेक्शन के लिए संपर्क कर सकते हैं। इंजेक्शन की अधिक कीमत लेने की शिकायत जिला प्रशासन के अलावा  टाॅल फ्री नंबर 1070, मोबाइल नंबर 9546702445 एवं 9470005863 पर भी कर सकते हैं।       


संबंधित खबरें