पटना। दुकान खोलने के लिए बने रोस्टर का उल्लंघन करने के मामले में शहर कीे 11 दुकानों को सील किया गया है। जिला प्रशासन की टीम ने जांच अभियान के दौरान इन दुकानों को खुला पाया। सभी दुकानों को तीन दिनों के लिए सील एवं संचालकों को नोटिस भेजा गया है।
सील की गई दुकानों को जिला प्रशासन के रोस्टर के अनुसार मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को खोलना है, लेकिन संचालकों ने आदेश का उल्लंघन करते हुए बुधवार को ही दुकान खोल दिया।
इन दुकानों पर हुई कार्रवाई : मनोरमा वस्त्रालय ठाकुरबाड़ी रोड, ओंकार वस्त्रालय हथुआ मार्केट, यूनिफॉर्म हब नया टोला, जयश्री फर्निशिंग ठाकुरबाड़ी रोड, इन यांग नया टोला, जींस प्वाइंट कुनकुन सिंह लेन, ए टू जेड कुनकुन सिंह लेन, आर्टेक्स टेलर वक्फ मार्केट मुरादपुर, दुकान नंबर पांच वक्फ मार्केट मुरादपुर, रागोपाल गुगन राम अशोक राजपथ एवं सिंघल ब्रदर्स अशोक राजपथ।
डीएम डाॅ चंद्रशेखर सिंह ने पहले ही कारोबारियों को सलाह दी थी कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए निर्धारित गाइडलाइन का पालन अवश्य करें। ऐसा नहीं करने पर प्रतिष्ठान को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने अनुमंडल एवं प्रखंड के अधिकारियों को भी जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया है।