पटना। इनफोर्मा मार्केट और ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन (एआईजेजीएफ) बिहार इकाई के सहयोग से पटना के ज्ञान भवन में 24 से 26 अप्रैल तक ज्वेलरी प्रदर्शनी का आयोजन हो रहा है। यह प्रदर्शनी सिर्फ आभूषण कारोबारियों के लिए है। अक्षय तृतीया के पहले कारोबारियों को यहां सोना, चांदी एवं हीरा की खरीदारी करने का मौका मिलेगा।
एआईजेजीएफ प्रदेश अध्यक्ष अशोक वर्मा सोनार एवं महासचिव प्रेम नाथ गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी में लगभग 100 स्टॉल लगेंगी। मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, राजकोट, आगरा, कोयंबटूर एवं पटना के सोना, चांदी और हीरा के कारोबारी स्टॉल लगाएंगे। तीन दिनों में सात हजार ज्वेलर्स के जुटने की संभावना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन 24 अप्रैल को डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद और उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन करेंगे। 25 अप्रैल को विधान परिषद के सभापति अवधेश कुमार सिंह, सांसद रविशंकर प्रसाद एवं गन्ना उद्योग मंत्री प्रमोद कुमार मौजूद रहेंगे।
एआईजेजीएफ के राष्ट्रीय चेयरमैन उमेश गर्ग, पंकज अरोरा, राकेश मल्लिक, संतोष कुमार सर्राफ, विनोद महेश्वरी, राजीव रस्तोगी, सूरज चौहान एवं प्रदीप सरकार कार्यक्रम में शामिल होंगे।