पटना। राजधानी के फ्रेजर रोड स्थित बीएसएफसी बिल्डिंग में हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट हाट का शुभारंभ उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने किया। करीब तीन हजार वर्ग फुट क्षेत्र में बने हाट में बिहार के सोलह से भी अधिक हस्तशिल्प उत्पाद और हथकरघा उत्पादों को बिक्री के लिए रखा गया है।
हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट हाट का संचालन उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान ने किया है। फिलहाल इस हाट में पचास से अधिक बुनकर और 250 से अधिक शिल्पियों के तैयार उत्कृष्ट उत्पादों को किफायती दर पर बिक्री के लिए रखा गया है।
इस मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार के बुनकर और शिल्पी राज्य की ताकत हैं। राज्य में बड़े उद्योग लगने के बावजूद राज्य के पारंपरिक उद्योगों से जुड़े बुनकर और कारीगरों को मजबूत करना बेहद जरूरी है। बिहार के लघु और पारंपरिक उद्योगों की मजबूती से औद्योगीकरण का लाभ गांव तक पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार के बुनकर, शिल्पी या छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट हाट भी बिहार के बेहतरीन उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने की एक कोशिश है। राज्य सरकार बड़े उद्योगों की स्थापना के साथ छोटे पारंपरिक उद्योगों की उपेक्षा कतई नहीं होने देगी ।