पटना। कैंसर के समुचित इलाज में मरीजों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रेगुलर डायलिसिस की सुविधा सभी जगह नहीं होने के कारण मरीज को कहीं आने-जाने में तकलीफ होती है। बिहार के प्रसिद्ध सवेरा कैंसर हॉस्पिटल, पटना में अब यह सुविधा उपलब्ध है। कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ वीपी सिंह ने यह जानकारी दी।
डॉ वीपी सिंह ने बताया कि किडनी की बीमारी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। देश में औसतन 14 प्रतिशत महिलाएं एवं 12 प्रतिशत पुरुष किडनी की समस्या से पीड़ित हैं। शुरू में इस बीमारी को पकड़ना मुश्किल है। इसकी वजह है कि दोनों किडनी 60 प्रतिशत खराब होने के बाद ही मरीज को इसकी जानकारी होती है।
पानी कम मात्रा में पीना, अधिक मात्रा में नमक खाना, दर्दनाशक दवाओं का अधिक सेवन, अधिक शराब पीना, मांस का अधिक सेवन, धूम्रपान और अधिक सॉफ्टड्रिक्स पीना जैसी आदतों को छोड़कर किडनी को स्वस्थ रख सकते हैं।
शरीर में किडनी का मुख्य काम शरीर से अपशिष्ट और अतिरिक्त तरल पदार्थ को निकालकर रक्त को शुद्ध करना है। यदि किडनी इस कार्य में असफल हो जाती है, तब डायलिसिस के माध्यम से यह कार्य किया जाता है।
पद्मश्री डॉ आर. एन. सिंह ने बताया कि सवेरा हॉस्पिटल में दस डायलिसिस मशीन लगाने की योजना है। अभी दो से शुरुआत की गई है। यहां डायलिसिस की उच्चकोटि की मशीन उपलब्ध है। यह बिहार की सबसे किफायती डायलिसिस यूनिट है। इस मौके पर डॉ आकाश सिंह, डॉ विशाल सिंह, डॉ आर. सक्सेना, डॉ अविनाश पांडेय, डॉ अनीता, डॉ रंजन एवं डॉ विवेक पांडेय मौजूद रहे।