पटना। बेतिया जिले के चनपटिया स्टार्टअप जोन में निर्मित सामान अब पटना के खादी मॉल में भी उपलब्ध रहेंगे। बेतिया के डीएम दिनेश कुमार राय ने गांधी मैदान स्थित खादी मॉल में चनपटिया स्टार्टअप जोन के टी-शर्ट को बिक्री के लिए लांच किया।
इस मौके पर बेतिया के डीएम ने कहा कि चनपटिया स्टार्टअप जोन ने कम समय में ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उद्योग विभाग और बेतिया जिला प्रशासन के सहयोग से कई उद्यमियों ने इस स्टार्टअप जोन में उत्पादन शुरू कर न सिर्फ अपने लिए रोजगार की व्यवस्था की है बल्कि सैकड़ों लोगों को रोजगार भी दिया है।

बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ दिलीप कुमार ने बताया कि सरकारी योजना के लाभुकों के बने सामान की बिक्री की व्यवस्था खादी मॉल के एक्सटेंशन पार्ट में की गई है। बिहार की चाय, बिहार का श्रीअन्न, सत्तू, मिट्टी का थरमस और घड़ा एवं बांस के बने कई सामान खादी मॉल में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।
खादी मॉल के माध्यम से बिहार की कला-संस्कृति, साहित्य और उद्यमिता को भी बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है। खादी मॉल में आज गांव का लड़का ब्रांड वाला टीशर्ट भी लांच किया गया। गांव का लड़का नालंदा निवासी कवि संजीव कुमार मुकेश हैं। उनकी कविता गांव का लड़का खूब लोकप्रिय हुई है।
उद्योग विभाग के विशेष सचिव, कवि संजीव मुकेश, समाजसेवी राकेश रंजन, चंद्र प्रकाश सिंह एवं युवा उद्यमी नवनीत कुमार ने संयुक्त रूप से इसका लोकार्पण किया।