मुख्य समाचार

खादी स्मारिका, डायरी एवं कैलेंडर का विमोचन 

उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ और बिहार खादी की ब्रांड एंबेसडर लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने बिहार खादी स्मारिका, डायरी एवं कैलेंडर का विमोचन किया। 

लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने बिहार खादी की प्रशंसा की। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के बापू सभाकक्ष में किया गया। 

इस अवसर पर उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि बिहार उद्योगों के विस्तार और विकास के लिए प्रयासरत है। फूड प्रोसेसिंग उत्पादों पर आधारित उद्योगों के विकास की काफी संभावनाएं हैं। मखाना उत्पादन में बिहार पूरे विश्व में अग्रणी है। मखाना एक गुणकारी ड्राई फ्रूट्स है। आने वाले समय में इसकी कीमत काजू से भी अधिक होगी। 

उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार मखाना सहित फूड प्रोसेसिंग के सभी उत्पादों को बढ़ावा देने में लगी हुई है। वर्ष 2024 को मखाना वर्ष घोषित किया गया है। बिहार में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए उद्योग विभाग ने बिहार बिजनेस कनेक्ट का आयोजन किया। इसमें 50,530 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। यह क्रम अब रुकने वाला नहीं है। अगले साल हम लोग एक लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव के लिए कार्यरत हैं। 

हमारा उद्देश्य है कि बिहार के हर व्यक्ति को रोजगार मिले। इसके लिए बिहार लघु उद्यमी योजना बनाई गई है। इसके तहत कारोबार करने के लिए बिहार सरकार दो लाख रुपये तक आर्थिक मदद देगी। 

इस मौके पर बिहार खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ दिलीप कुमार, रमेश ठाकुर डॉ ध्रुव कुमार, एस.के.ठाकुर, लेखा पदाधिकारी प्रदीप कुमार, अभय कुमार, चिंताहरण शर्मा एवं कुंज बिहारी मिश्र मौजूद रहे।
 


संबंधित खबरें