मुख्य समाचार

Patna : PCCIT ने टैक्सपेयर्स की परेशानियों के समाधान का दिया भरोसा

प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (PCCIT), बिहार-झारखंड डी.सुधाकर राव ने करदाताओं को टीडीएस से संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में जो मामले आए हैं। सभी पर हमारे अधिकारी गंभीरता से काम करेंगे। 

PCCIT बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज परिसर में कारोबारियो के साथ एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्टेकहोल्डर्स के साथ विचार-विमर्श आवश्यक है।

बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में धारा 148 A के तहत कार्यवाही, पुराने मामलों का समाधान, स्टे आवेदनों का निपटारा, अपीलीय आदेशों को लागू करना, रिफंड जारी करने और टैक्स मांगों को अपडेट करने में समयबद्धता, स्टेकहोल्डर्स के साथ लगातार बातचीत की चर्चा है। 

चैंबर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने भी अपने विचारों को रखा। उन्होंने कहा कि आयकर की सभी योजनाओं को सफल बनाने में चैंबर ने हमेशा सहयोग किया है। नये करदाताओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। बिहार और झारखंड की बड़ी कंपनियों का मुख्यालय दूसरे राज्यों में होने के कारण आयकर का भुगतान भी उसी राज्य में होता है। इस कारण बिहार के हिस्से का टैक्स दूसरे राज्यों में चला जाता है। 

बैठक में आयकर आयुक्त रिंकू सिंह, केएल कनक और शदाब अहमद, अपर आयुक्त रंजीत मधुकर, शांतनु नंदी भी मौजूद रहे।
 


संबंधित खबरें