मुख्य समाचार

28 से 30 सितंबर फिर हड़ताल पर रहेंगे बैंककर्मी

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की अपील पर देश के सरकारी बैंककर्मी 11 सितंबर को हड़ताल पर रहे। इस कारण बिहार समेत देशभर के बैंकों में कामकाज बाधित रहा। 12 सितंबर को दूसरे शनिवार और 13 सितंबर को रविवार के कारण अब बैंकों में काम 14 सितंबर से होगा। 

बैंक यूनियंस का कहना है कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर 28 से 30 सितंबर तक हमलोग फिर हड़ताल पर रहेंगे। 26 सितंबर को चौथे शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने से अगली हड़ताल में 5 दिनों तक बैंक का काम बाधित रहेगा। 

इसके बावजूद मांग पूरी नहीं हुई तो 26 अक्टूबर 2026 से बैंक यूनियन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। 

बैंक यूनियंस की मुख्य मांगों में सप्ताह में 5 दिनों का काम, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम लागू करने में यूनियन की सहमति, समय-समय पर पेंशन अपडेट और आउटसोर्सिंग बंद कर नई बहाली करना है।    

कर्मियों का कहना है कि सप्ताह में 5 दिवसीय बैंकिंग का निर्णय मार्च 2024 में हुआ था। दो साल 6 माह के बाद भी यह लागू नहीं हो सका। बैंकों में अभी हर माह दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। कर्मियों ने पहले और तीसरे शनिवार को भी अवकाश पर जोर दिया है।


संबंधित खबरें