मुख्य समाचार

पटना के मीन भवन में खुला Fresh Catch Kiosk

बिहार का पहला मछली बिक्री केंद्र (Fresh Catch Kiosk) पटना के मीठापुर स्थित मीन भवन में खुला है। इसी तर्ज पर पूरे राज्य में 100 फ्रेश कैच कियोस्क खुलेंगे। इन केंद्रों पर ताजी और जीवित मछलियां उपलब्ध होंगी। 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फ्रेश कैच कियोस्क का उद्घाटन करते हुए कहा कि बिहार की ताजी मछलियों को Fish of Bihar ब्रांड के तहत बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे मछली पालन करने वालों की आय बढ़ने के साथ उपभोक्ताओं को भी ताजी मछलियां मिलेंगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सिलीगुड़ी के लिए फ्रेश कैच वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि ग्रामीण, किसान, पशुपालक, महिलाएं और युवा सभी बिहार की विकास यात्रा के भागीदार बनें। दूध उत्पादन, मत्स्यपालन, सहकारिता और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देकर बिहार को आर्थिक रूप से समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाना है।

बिहार की सब्जी (तरकारी), मछली एवं दूध को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। सरकार का लक्ष्य सुधा को एक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के रूप में विकसित करना है। दूध उत्पादकों को बिचौलियों से मुक्त कर पारदर्शी तरीके से सीधे बैंक खाते में भुगतान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दूध उत्पादकों के हित में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। 

सीएम ने दूध उत्पादकों को यूनिक आईडी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके माध्यम से दूध की गुणवत्ता और भुगतान की डिजिटल निगरानी संभव होगी। उन्होंने पटना जैविक उद्यान गेट नंबर 2 के समीप सुधा पार्लर और सब्जी दुकान का भी उद्घाटन किया।

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने मुख्यमंत्री को बताया कि सुधा का विस्तार बिहार से बाहर भी हो रहा है।

असम के तेजपुर में 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता की इकाई शुरू हो चुकी है। असम में 50 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता की एक और इकाई के साथ कोलकाता में भी 10 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता की यूनिट लगाने की योजना है। 

शीर्षत कपिल अशोक ने कहा कि बिहार में 33,897 समितियां सक्रिय हैं। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 23.90 लाख किलोग्राम दूध का संग्रह हो रहा है। इसे बढ़ाकर प्रतिदिन 50 लाख लीटर करने का लक्ष्य है। दूध संग्रह एवं परिवहन व्यवस्था की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर काम कर रहा है।

पशुपालकों की समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18003456199 संचालित है। 3200 सुधा सखी तैयार करने का लक्ष्य है। जीविका के सहयोग से राज्य की सभी 8053 पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

इस मौके पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम एवं मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद रहे। 


संबंधित खबरें