मुख्य समाचार

कैश लेजर,एचएसएन कोड व रिटर्न फाॅर्म के सरलीकरण की प्रक्रिया शुरू

पटना। बिहार के प्रस्ताव पर करदाताओं की सहूलियत के लिए एचएसएन कोड, कैश लेजर और रिटर्न फाइल करने के फाॅर्म के सरलीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। प्रक्रिया जीएसटी नेटवर्क के अध्यक्ष अजय भूषण पांडेय की अध्यक्षता में गठित समिति ने शुरू कर दी है। गुवाहाटी में आयोजित जीएसटी काउंसिल की बैठक में यह प्रस्ताव दिया गया कि खरीदारी करते समय उपभोक्ताओं को दिए गए इनवाॅयस में सभी करों के साथ अधिकतम खरीद मूल्यों को दर्शाया जाए। 
इसी प्रकार जीएसटी लागू होने के बाद विवरणी दाखिल करने वालों में 40 फीसदी ऐसे हैं जिनका टैक्स शून्य है, लेकिन उन्हें विवरणी में सभी काॅलम भरने होते हैं। वहीं कैश लेजर में करदाताओं को करीब 12 अलग-अलग खातों में पैसा जमा करना पड़ता है। इसलिए बिहार की ओर से सुझाव दिया गया कि कैश लेजर के अंतर्गत मात्र तीन खातों में ही पैसा जमा कराने तथा शून्य करदेयता वालों के लिए दो से तीन चरण में ही विवरणी जमा कराने की सुविधा दी जाए। 
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बताया कि पहले केवल एक्साइज टैैक्स में निबंधित कुल करदाताओं के पांच प्रतिशत को ही एचएसएन कोड इस्तेमान करना होता था, लेकिन जीएसटी के अंतर्गत 1.5 करोड़ टर्नओवर से ऊपर वाले सभी करदाताओं को एचएसएन कोड भरना पड़ता है, जो जटिल है। इससे करदाताओं को काफी परेशानी हो रही है। 
 


संबंधित खबरें