मुख्य समाचार

छोटे कारोबारियों कोे रिटर्न फाइल करने के लिए प्रोत्साहित करें अधिकारी

पटना। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने वाणिज्य कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि डेढ़ करोड़ टर्नओवर से नीचे के छोटे व्यापारियों को जीएसटी रिटर्न फाइल करने के लिए प्रोत्साहित करें। अधिकारियों से उन्होंने जीएसटी नेटवर्क के अंतर्गत पेमेंट, रिटर्न और आॅडिट में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बेंगलुरु में होने वाले जीएसटी नेटवर्क की बैठक में शामिल होने से पहले उप मुख्यमंत्री ने वाणिज्य कर कार्यालय में करीब 50 अंचल प्रभारियों के साथ बैठक की। जीएसटीएन से संबंधित परेशानियों को वे इन्फोसिस के शीर्ष अधिकारी नंदन निलकेनी के समक्ष रखेंगे। उप मुख्यमंत्री जीएसटी नेटवर्क मंत्री समूह के अध्यक्ष भी हैं।

उन्होंने बैठक में बताया कि 2016-17 में वैट के दौरान पाया गया कि मात्र 36 डीलरों से 47 प्रतिशत राजस्व की प्राप्ति हुई। राज्य के करीब डेढ़ लाख व्यापारी (कुल करदाता का 89 फीसदी) जिनका टर्न ओवर डेढ़ करोड़ से कम है से मात्र 9 फीसदी राजस्व मिला। जीएसटी लागू होने के बाद बिहार में जुलाई में जहां 75 फीसदी, वहीं सितंबर में मात्र 49 फीसदी रिटर्न दाखिल हुआ। अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिया कि छोटे व्यापारियों को रिटर्न दाखिल करने में आ रही समस्याओं का विश्लेषण कर उन्हें दूर करें। 
जीएसटी काउंसिल ने 175 से ज्यादा रोजमर्रे की चीजों पर टैक्स 28 से घटा कर 18 फीसदी कर दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे देखें कि टैक्स कम होने का लाभ आम उपभोक्ताओं को मिलें। अगर कहीं से मुनाफाखोरी की शिकायत मिलें, तो इसकी सूचना राज्य मुनाफाखोरीरोधी समिति को दें।


संबंधित खबरें