मुख्य समाचार

अंगदान सप्ताह 13 से 20 अगस्त तक पूरे राज्य में मनेगा

पटना । दधीचि देहदान समिति व राज्य सरकार की संयुक्त बैठक में विश्व अंगदान दिवस (13 से 20 अगस्त) तक पूरे राज्य में अंगदान सप्ताह मनाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान सरकार के स्तर पर सभी जिलों में नेत्रदान के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलेगा। बैठक डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय की उपस्थिति में हुई। 

स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि पीएमसीएच और भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 13 अगस्त से आई बैंक काम करना शुरू कर देगा। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया और बेतिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 31 अगस्त तक आई बैंक शुरू हो जायेगा। प्रत्येक आई बैंक में एक-एक प्रेरक की नियुक्ति होगी, जो वहां आने वाले लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करेंगे। इस साल मई में मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आई बैंक का शिलान्यास किया था। देहदान करने वालों के शरीर को सुरक्षित रखने की व्यवस्था सभी मेडिकल कॉलेज व अस्पतालों में की जायेगी।

राज्य के छह अस्पतालों को सरकार ने विभिन्न मानव अंग किडनी, लीवर व कॉर्निया प्रत्यारोपण के लिए अधिकृत किया है। किडनी के लिए आईजीआईएमएस, पारस व रूबन मेमोरियल अस्पताल, कॉर्निया के लिए बिलास नेत्रालय, दिव्यदृष्टि आई हॉस्पिटल पटना व आई हॉस्पिटल मुजफ्फरपुर एवं लीवर के लिए आईजीआईएमएस हैं। 
 
बैठक में दधीचि देहदान समिति के सचिव विमल जैन, विधायक डाॅ संजीव चैरसिया, एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसडी संजय, डाॅ सुभाष प्रसाद एवं डाॅ विभूति प्रसन्न सिन्हा उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें