पटना/नई दिल्ली । नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार से बिहार स्टेट राइस मिल एसोसिएशन की बैठक 25 जुलाई को नई दिल्ली में हुई। बैठक में राइस मिल को धान खरीद की नोडल एजेंसी बनाने पर चर्चा हुई। एसोसिएशन ने कहा कि नोडल एजेंसी बनने से बिहार के सभी किसानों के धान की खरीद समर्थन मूल्य पर हो सकेगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू गुप्ता ने कहा कि नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने प्रस्ताव पर सहमति दी है। उन्होंने प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की बात कही। संघ केंद्रीय खाद्य व उपभोक्ता मामलों के मंत्री राम विलास पासवान से भी मिला। उनसे भी धान खरीद के लिए नोडल एजेंसी बनाने पर वार्ता हुई। केंद्रीय मंत्री ने भी इस संबंध में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में राकेश कुमार गुप्ता, शशि झा, आनंद सिंह, पप्पू सिंह, मुन्ना सिंह, परमानंद सिंह, राजीव राय, अमोद राय, गौतम गुप्ता एवं जीएसडी गुप्ता शामिल थे।